मोबाइल ने खोला चार हत्याओं का राज, दो साल से फरार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे; चोरी के जेवर खरीदने वाला सराफा कारोबारी भी पहुंचा जेल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दो अलग-अलग दंपति की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2024 के चर्चित मुक्ता डबल मर्डर और हाल ही में हुए सेंदुरस डबल मर्डर को दोनों आरोपियों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने वाले सराफा व्यापारी को भी जेल भेज दिया है। मामला सक्ती जिले की मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।

मामूली विवाद में हत्या

जानकारी के अनुसार 2-3 जून 2026 की दरम्यानी रात मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में बुजुर्ग दंपती पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर में घुसे और लोहे की रॉड से दंपति के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। सुबह घटना का पता चलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मोबाइल बना सबसे बड़ा सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से जांच शुरू हुई।पुलिस को मृतक पुरुषोत्तम खुंटे का गायब मोबाइल सबसे बड़ा सुराग मिला। सीईआईआर पोर्टल और साइबर सर्विलांस के जरिए मोबाइल की लोकेशन खरसिया क्षेत्र में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस ने पलगड़ा स्थित एक ढाबे से देवकुमार यादव (33) को हिरासत में लिया। उसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ।

हत्या के बाद लूट, फिर बेच दिए जेवर

कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बाइक खड़ी करने को लेकर उनका पुरुषोत्तम खुंटे से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई थी।

वारदात के बाद आरोपियों ने घर से नकदी, मोबाइल और सोने के आभूषण लूट लिए। जांच में पता चला कि लूटे गए गहनों को जैजैपुर के सराफा कारोबारी बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने व्यापारी को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से जेवर बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े, 77 हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल तथा करीब 14 ग्राम सोना बरामद किया है।

पूछताछ में खुला दो साल पुराना राज

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने कबूल किया कि जून 2024 में मालखरौदा थाना क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर को भी उन्होंने ही अंजाम दिया था। आरोपियों ने मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी और घर से जेवरात लूट लिए गए थे। यह मामला पिछले दो वर्षों से पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर बना हुआ था।

आरोपियों ने बताया कि बुधवारा बाई गबेल से उनका पुराना विवाद था। इसी रंजिश में उन्होंने घर में घुसकर दोनों की हत्या की और आभूषण लूट लिए थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पति-पत्नी की सिर कुचलकर हत्या, घर पर खून से लथपथ पड़ोसी ने देखी लाश, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button