राजिम ब्रेकिंग: खाद-बीज और महंगाई को लेकर कांग्रेस का हंगामा, विधायक रोहित साहू को दिखाए काले झंडे, सैकड़ों कांग्रेसी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– खाद-बीज की किल्लत और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर बुधवार को राजिम क्षेत्र में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने गरियाबंद जा रहे विधायक रोहित साहू को काले झंडे दिखाने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पाण्डुका के चारों धाम चौक पर रोकते हुए बड़ी संख्या में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान क्षेत्र कुछ समय के लिए गरियाबंद-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े और काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने रोहित साहू वापस जाओ और मुख्यमंत्री वापस जाओ के नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदेश में खाद-बीज संकट और बढ़ती महंगाई से किसान एवं आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।

ब्लॉक अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए चारों धाम चौक पर बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रुपेश साहू सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद भी कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।

विरोध के चलते विधायक का काफिला रुका

कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन के कारण विधायक रोहित साहू के काफिले को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इस दौरान सड़क पर भारी गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।

मुख्यमंत्री के गरियाबंद दौरे और कार्यक्रम को लेकर जिले में पहले से ही राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई थी। कांग्रेस ने इसे जनहित के मुद्दों को उठाने का अवसर बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: कांग्रेसियों और किसानों ने किया चक्काजाम, सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button