रिश्ता हुआ शर्मसार: बच्चों को मारने की धमकी देकर बहू से दुष्कर्म, विरोध किया तो तोड़ दिया दांत, ससुर गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रिश्तों को कलंकित कर देने वाला मामला सामने आया है। पति की मौत के बाद अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही एक विधवा महिला ने अपने ही 63 वर्षीय ससुर पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता का विवाह वर्ष 2013 में ग्राम लच्छनपुर निवासी के साथ हुआ था। वर्ष 2020 में हार्ट अटैक से पति की मौत के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ ससुराल में रह रही थी। नवंबर 2024 में उसे आंगनबाड़ी सहायिका की नौकरी मिली, जिसके सहारे वह परिवार का भरण-पोषण कर रही थी।
बच्चों को मारने की धमकी देकर बनाया हवस का शिकार
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका ससुर (63 वर्ष) लंबे समय से उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि अक्टूबर 2024 में आरोपी ने बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह लगातार शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता रहा और विरोध करने पर प्रताड़ित करता था।
विरोध किया तो तोड़ दिया दांत
महिला के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले आरोपी ने फिर से जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसका सामने का एक दांत टूट गया। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार महिला ने हिम्मत जुटाई और बाराद्वार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाराद्वार पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज सात घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











