स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती : बिना फिटनेस और फायर एक्स्टिंग्विशर चल रही स्कूल बस जब्त, ₹10 हजार का चालान
गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर सख्त संदेश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाली एक स्कूल बस को जब्त कर लिया। साथ ही वाहन पर ₹10,000 का ई-चालान भी जारी किया गया।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में 25 जून 2026 को परिवहन विभाग (ARTO) और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में संचालित स्कूल बसों की आकस्मिक जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न स्कूल वाहनों के दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान स्प्रिंज बोर्ड स्कूल की एक बस में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। बस बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट और पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) के संचालित की जा रही थी। इसके अलावा बच्चों की आपातकालीन सुरक्षा के लिए आवश्यक फायर एक्स्टिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) भी बस में उपलब्ध नहीं था।
बस को किया जब्त

बच्चों की सुरक्षा के साथ लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई कर बस को जब्त कर लिया। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन पर ₹10,000 का ऑनलाइन ई-चालान भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों के फिटनेस, परमिट, पीयूसी तथा अग्निशामक यंत्र सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











