धमतरी-गरियाबंद मार्ग पर मछली कारोबारी की हत्या, चाकुओं से किए कई वार, साथी की आंखों में झोंकी मिर्च, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धमतरी-गरियाबंद मार्ग पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने मछली कारोबारी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों द्वारा कारोबारी पर 40 से अधिक बार चाकू से वार किए जाने की चर्चा है। घटना के बाद धमतरी और गरियाबंद जिले के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। घटना नगरी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गरियाबंद के मैनपुर थाना अंतर्गत ग्राम बोईरगांव (दर्रीपारा) निवासी विप्लभ मंडल (55 वर्ष) पिछले सात-आठ वर्षों से अपने साथी चुम्मन यादव के साथ नगरी क्षेत्र में एमएम फिश नाम से मछली का व्यवसाय संचालित कर रहे थे। शनिवार को रोज की तरह दुकान बंद कर दोनों मोटरसाइकिल से गरियाबंद लौट रहे थे। तभी नगरी से आगे गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
साथी की आंखों में झोंकी मिर्च
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले विप्लभ मंडल के साथी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह कुछ भी देख नहीं सका और अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। इसके बाद बदमाशों ने विप्लभ मंडल को घेरकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान कारोबारी ने बचने की भरसक कोशिश की, लेकिन हमलावर तब तक वार करते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
गंभीर रूप से घायल विप्लभ मंडल को नगरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही नगरी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूटपाट, कारोबारी विवाद या अन्य आपराधिक कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग: पति-पत्नी की हत्या कर दफनाया शव, ऐसे खुला राज, भाई-भतीजे गिरफ्तार











