सड़कों पर लोहे के रिंग लगे ट्रैक्टर चलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, परिवहन विभाग ने जारी किए निर्देश
उल्लंघन पर होगी चालानी कार्रवाई, सड़कों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व और परिवहन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन नियमों के प्रभावी पालन के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने रबर टायर के बिना दोहरे लोहे के पिंजरे (आयरन केजव्हील) वाले ट्रैक्टरों के सामान्य सड़कों पर संचालन पर सख्ती बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक्टरों में लगाए जाने वाले लोहे के रिंग अथवा दोहरे पिंजरे केवल कृषि कार्य, विशेषकर खेतों में उपयोग के लिए बनाए जाते हैं। इन्हें हटाए बिना सार्वजनिक मार्गों पर ट्रैक्टर चलाना नियमों के विपरीत है। ऐसे पहियों के कारण सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त होती हैं तथा अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को विशेष जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के विभिन्न मार्गों पर नियमित जांच की जाएगी। जांच के दौरान लोहे के रिंग लगे ट्रैक्टर सड़क पर संचालित पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
समस्त कृषकों एवं ट्रैक्टर मालिकों से अपील की गई है कि कृषि कार्य समाप्त होने के बाद ट्रैक्टरों के पहियों से लोहे के रिंग एवं दोहरे पिंजरे अनिवार्य रूप से हटा दें तथा सार्वजनिक सड़कों पर केवल रबर टायर वाले ट्रैक्टरों का ही संचालन करें।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे ट्रैक्टरों के सड़क पर संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सड़कें हो रही हैं क्षतिग्रस्त, दुर्घटना का भी खतरा
लोक निर्माण विभाग के अनुसार ऐसे ट्रैक्टरों के सड़क पर चलने से डामर और सीमेंट की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग ने इस पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











