नशे में धुत हेडमास्टर पहुंचा स्कूल, बच्चों की चप्पलों के बीच लेटा; वीडियो वायरल होते ही ने किया सस्पेंड-VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। प्राथमिक स्कूल का हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गया। हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और स्कूल परिसर में बच्चों के जूते-चप्पलों के बीच ही जमीन पर लेट गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से हेडमास्टर को निलंबित कर दिया। मामला सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत खोरखोरीपारा का है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हेडमास्टर शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे और बच्चों तथा शिक्षकों के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। सूचना मिलने पर जब ग्रामीण स्कूल पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने उल्टा ग्रामीणों से गाली-गलौज शुरू कर दी। ग्रामीणों ने जब कहा कि उनका वीडियो कलेक्टर तक भेजा जाएगा, तो हेडमास्टर ने धमकी देते हुए कहा, ‘‘पटककर मारूंगा… क्या कर लोगे मेरा?’’
बच्चों के सामने शर्मनाक हरकत
ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिसमें हेडमास्टर नशे की हालत में जमीन पर लेटे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं और बच्चों के जूते-चप्पलों के पास सिर रखकर पड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
जांच में सही निकले आरोप
वायरल वीडियो की जानकारी मिलने पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक ने तत्काल रामानुजनगर के बीईओ अवधेश कुमार साहू को जांच के निर्देश दिए। बीईओ ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों, ग्रामीणों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। जांच में यह पुष्टि हुई कि हेडमास्टर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे और उन्होंने बच्चों, शिक्षकों व ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह पहली घटना नहीं है। उनके अनुसार, संबंधित हेडमास्टर के खिलाफ पहले भी कई बार शराब पीकर स्कूल आने की शिकायतें की जा चुकी हैं।
डीईओ ने किया तत्काल निलंबित
जांच रिपोर्ट मिलते ही प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी ने हेडमास्टर हरिनंदन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय प्रतापपुर निर्धारित किया गया है। डीईओ ने कहा कि जिले में यदि कोई भी शिक्षक शराब के नशे में स्कूल आते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
शराब पीकर स्कूल पहुंचते हैं हेडमास्टर, नाराज बच्चों और परिजनों ने स्कूल के गेट में जड़ा ताला











