अग्रगामी महिला सम्मान 2026 : नवापारा की चार महिलाओं सहित 100 मातृशक्तियों का हुआ सम्मान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– स्थानीय वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को वृंदावन हॉल में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तरीय अग्रगामी महिला सम्मान 2026 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। समारोह में नवापारा-राजिम अंचल की चार महिलाओं सहित प्रदेशभर की विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 100 मातृशक्तियों को उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मानित महिलाओं में खेल, कला, शिक्षा, साहित्य, पुलिसिंग, प्रशासन, व्यवसाय, समाजसेवा, अधिवक्ता एवं पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को शामिल किया गया। नवापारा-राजिम क्षेत्र से पीएम श्री हरिहर गोबरा नवापारा की प्राचार्या एफ.के. दानी, दावड़ा इंटरनेशनल स्कूल पटेवा एवं राजिम शाखा की सेंटर हेड कविता शर्मा, साहित्य एवं समाजसेवा से जुड़ी रुचि शर्मा तथा संत निरंकारी मिशन से जुड़ी वैशाली सचदेव को अतिथियों ने मोमेंटो एवं अभिनंदन पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे थीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. नलिनी मढ़रिया, डॉ. प्राची भट्टर, डॉ. रत्ना अग्रवाल, मनीषा सिन्हा, करुणा कुर्रे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महिलाओं का सम्मान करना चाहिए

मुख्य अतिथि विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। समाज को महिलाओं का सम्मान करना चाहिए, उन पर विश्वास जताना चाहिए तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने चाहिए। तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल का उल्लेख करते हुए बेटियों को शिक्षित एवं सशक्त बनाने, आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिलाने, नशे से दूर रहने तथा मृत्युभोज जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने की अपील की।

डॉ. नलिनी मढ़रिया ने महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानने और स्वयं अपनी सफलता की कहानी लिखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नारी हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है, इसलिए महिलाएं स्वयं को कभी कमजोर न समझें बल्कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

डॉ. प्राची भट्टर ने कहा कि “नारी का विकास ही देश और समाज का विकास है। नारी केवल एक शब्द नहीं, बल्कि सृष्टि का विस्तार, समाज और राष्ट्र का स्वाभिमान है। जब एक महिला शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनती है, तब पूरा समाज मजबूत होता है।”

मंच का जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान अन्य अतिथियों ने भी नारी शक्ति की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। सम्मान प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं ने इस गौरवपूर्ण सम्मान के लिए वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ के माध्यम से चयनित सारंगढ़ की हीरादेवी निराला को वर्ष 2026 की भाग्यशाली महिला का अवार्ड प्रदान किया गया l 

आज इस अवसर पर राजेश पराते, शुभम साहू,विवेक बेहरा, मनीष अवस्थी, ज्योति शुक्ला, पूर्णेश डडसेना, धनेश्वरी नारंग, उमा स्वामी, राजाराम रसिक, दुष्यंत साहू, हेमलाल पटेल, लक्ष्मी नारायण लहरे, देव मानिकपुरी, डॉ इंद्रदेव यदु, अखिलेश तिवारी सहित टीम वक्ता मंच के समस्त पदाधिकारी उपस्थित थे l वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू द्वारा प्रस्तुत आभार प्रदर्शन के साथ समारोह सम्पन्न हुआ l

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने डॉ. जे.पी. शर्मा और डॉ. ममता साहू का किया सम्मान, नई जिम्मेदारी पर दी शुभकामनाएं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button