स्टॉप डायरिया अभियान-2026: गोबरा नवापारा में शुरू हुई जागरूकता मुहिम, बच्चों को डायरिया से बचाने घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीम

स्वच्छ जल, समुचित उपचार – डायरिया से बचे हर बार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोबरा नवापारा में स्टॉप डायरिया अभियान-2026 के तहत जागरूकता गतिविधियों की शुरुआत कर दी गई है। एक जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखना, बीमारी एवं मृत्यु दर में कमी लाना तथा प्रत्येक परिवार तक ओआरएस (ORS) और जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेन्द्र साहू ने बताया कि अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को डायरिया की रोकथाम, ओआरएस घोल के सही उपयोग और जिंक की दवा के महत्व के बारे में जानकारी दे रही है। इसके साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथों की नियमित सफाई और समय पर उपचार के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

घबराने की जरूरत नहीं

डॉ. साहू ने कहा कि डायरिया होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। बच्चे को तुरंत ओआरएस का घोल पिलाएं, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार 14 दिनों तक जिंक की गोली दें तथा निर्जलीकरण के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में संपर्क करें। उन्होंने कहा कि “ORS और Zinc डायरिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHND) तथा शहरी बस्तियों में ओआरएस घोल बनाने की सही विधि का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। साथ ही स्वच्छ पेयजल का उपयोग, सुरक्षित भोजन, साबुन से हाथ धोने की आदत और शौचालय के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेन्द्र साहू ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ पानी पिएं, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोएं, खुले में शौच से बचें तथा बच्चों में दस्त की समस्या होने पर उपचार में देरी न करें। उन्होंने कहा कि समय पर ओआरएस और जिंक का उपयोग बच्चों को डायरिया से होने वाली गंभीर परेशानियों से बचा सकता है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बरसात के मौसम में जंगली पुटू खाने से हो सकती हैं गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं, ये लक्षण दिखे तो तुरंत करें उपाय

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button