दोस्तों के साथ घूमने निकला युवक जलप्रपात में डूबा, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दोस्तों के साथ घूमने आए एक युवक का झरने में नहाने के दौरान पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में बह गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक कंवर (20 वर्ष) अपने पांच दोस्तों उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा के साथ दुर्ग-भिलाई से सक्ती जिले के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने पहुंचे थे। सोमवार शाम सभी रैनखोल घूमने पहुंचे थे। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सभी दमाऊधारा झरने पहुंचे।
बताया जा रहा है कि छह दोस्तों में से चार युवक झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे, जबकि दो साथी नीचे मौजूद थे। इसी दौरान प्रतीक का अचानक संतुलन बिगड़ा और उसका पैर फिसल गया। कुछ ही सेकंड में वह तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में बह गया। साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे उसे नहीं बचा सके।
घटना की सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जांजगीर-चांपा से डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और झरने व आसपास के क्षेत्र में घंटों तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। बुधवार सुबह पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की संयुक्त टीम दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल युवक की तलाश जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
उफनते नाले में बही कार, पति-पत्नी लापता, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी, VIDEO










