महानदी पुल पर हुए हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी ने रंजिश में कैंची और पाना से उतारा मौत के घाट

महानदी पुल हत्याकांड

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कुरूद थाना क्षेत्र में नारी-खट्टी स्थित महानदी पुल के पास 22 जुलाई को हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि व्यवसायिक रंजिश और ईर्ष्या के चलते आरोपी ने सुनसान स्थान पर कैंची और पाना से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जुलाई 2026 को थाना कुरूद के मर्ग क्रमांक 118/2026 के तहत नारी महानदी पुल पर मुख्य मार्ग से नीरज साहू (27 वर्ष), पिता खुमान साहू, निवासी ग्राम कुण्डेल, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ था। मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि उसका बोलेरो पिकअप वाहन (CG-06-GT-7675) घटनास्थल पर खड़ा मिला था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुरूद, थाना मगरलोड और साइबर टीम की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्ग दर्शन में घटनास्थल, संभावित मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण कर संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंच बनाई।

हत्या करना किया स्वीकार

संदेही बिरेंद्र कुमार साहू (21 वर्ष), पिता कन्हैया लाल साहू, निवासी सांकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह और नीरज साहू दोनों चावल के व्यवसाय से जुड़े थे। नीरज का कारोबार तेजी से बढ़ रहा था और उसकी अच्छी आय होने से वह उससे अंदर ही अंदर ईर्ष्या और रंजिश रखने लगा था। इसी द्वेष के चलते उसने नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर नीरज को रोककर कैंची और पाना से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: महानदी पुल पर खून से लथपथ मिली युवक की लाश, गला रेतकर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button