देशरक्षकों के लिए सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने बनाई मिट्टी की राखियां, जवानों को भेजे सुरक्षा और दीर्घायु के संदेश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नवापारा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट करते हुए अनूठी पहल की है। विद्यालय की ‘कन्या भारती’ प्रमुख सरोज कंसारी के मार्गदर्शन में कक्षा तीसरी से बारहवीं तक की लगभग 100 छात्राओं ने अपने हाथों से विशेष राखियां तैयार की हैं।

इन राखियों की खासियत यह है कि इन्हें देश की पवित्र मिट्टी से बनाया गया है। प्रत्येक राखी के साथ सैनिकों की दीर्घायु, सुरक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शुभकामना संदेश भी संलग्न किया गया है। छात्राओं ने रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर देश के वीर जवानों की लंबी उम्र और सुरक्षित सेवा की कामना की।

इस अभियान को सफल बनाने में शिक्षिकाएं हुलेशवरी एवं प्रीति साहू का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

देश के वीर जवानों का हौसला बढ़ाएंगे

कार्यक्रम की मार्गदर्शिका सरोज कंसारी ने कहा कि देश की मिट्टी से बनी राखियां यह संदेश देती हैं कि हमारे सैनिक हर परिस्थिति में देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। वहीं भाजपा प्रदेश सदस्य एवं समाजसेविका योगिता सिन्हा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियों के हाथों से बनी ये राखियां और शुभकामना संदेश निश्चित रूप से देश के वीर जवानों का हौसला बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी हस्तनिर्मित राखियां और शुभकामना पत्र योगिता सिन्हा को सौंपे गए। उनके माध्यम से इन रक्षासूत्रों को देश के वीर पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इस रक्षाबंधन पर देशरक्षकों की कलाई भी बहनों के स्नेह और सम्मान के इस पवित्र बंधन से सजी रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा में छात्र परिषद का गठन, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button