गरियाबंद जिले में रविवार का दिन हादसों भरा: अलग-अलग तीन हादसों में एक की मौत, दो युवक घायल
ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत; घटारानी वाटरफॉल और भूतेश्वरनाथ मार्ग पर दो घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रविवार का दिन गरियाबंद जिले के लिए हादसों से भरा रहा। जिले के अलग-अलग इलाकों में तीन अलग-अलग हादसे सामने आए। इन घटनाओं में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अलग-अलग हादसों में दो युवक घायल हो गए।
पहला हादसा देवभोग क्षेत्र में हुआ, जहां कृषि कार्य के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवक उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी वाटरफॉल में हुआ, जहां लापरवाही के चलते एक युवक जलप्रपात की ऊंचाई से नीचे गिर गया। तीसरा हादसा भूतेश्वरनाथ मार्ग पर हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी बस सड़क से नीचे उतर गई और सड़क किनारे पैदल चल रहा युवक बस की चपेट में आकर घायल हो गया।
ट्रैक्टर पलटा युवक की मौत

रविवार को पहला हादसा देवभोग क्षेत्र के अमाड़ गांव से सामने आया। बताया जा रहा है कि गांव का एक युवक पड़ोसी राज्य ओडिशा के खपाराडीह क्षेत्र में कृषि कार्य के लिए गया था। इसी दौरान कृषि कार्य में लगे ट्रैक्टर के अचानक अनियंत्रित होकर पलट जाने से युवक उसके नीचे दब गया।
हादसा इतना गंभीर था कि युवक को ट्रैक्टर के नीचे से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
भूतेश्वरनाथ जा रही बस सड़क से उतरी

दूसरा हादसा गरियाबंद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भूतेश्वरनाथ जाने वाले मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर से श्रद्धालुओं को लेकर एक बस भूतेश्वरनाथ पहुंच रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
बस में सवार श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन सड़क के नीचे पैदल जा रहा एक युवक बस की चपेट में आ गया और घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल की मदद की। डायल 112 की सहायता से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटारानी वाटरफॉल में ऊंचाई से गिरा युवक

रविवार का तीसरा हादसा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी वाटरफॉल में हुआ। बारिश और श्रावण माह के चलते इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक घटारानी पहुंच रहे हैं। इसी दौरान एक युवक लापरवाही करते हुए जलप्रपात के ऊंचाई वाले हिस्से में पहुंच गया और अचानक पैर फिसलने से नीचे जा गिरा। घायल युवक को आनन-फानन में फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बारिश और सावन में बढ़ी वाहनों की आवाजाही
श्रावण माह और बारिश के मौसम के चलते गरियाबंद जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। भूतेश्वरनाथ, घटारानी सहित अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई है। ऐसे में वाहन चालकों और पर्यटकों की छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
लगातार सामने आ रहे हादसों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन द्वारा लोगों को सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है। खासकर बारिश के दौरान तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने, सड़क किनारे पैदल चलते समय सतर्क रहने और जलप्रपातों के प्रतिबंधित एवं खतरनाक हिस्सों में नहीं जाने की अपील की जा रही है।
रविवार को हुए इन तीन हादसों ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि बारिश और पर्यटन सीजन के दौरान सावधानी बेहद जरूरी है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है, वहीं लोगों से भी नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: घटारानी में हुआ हादसा, झरने के ऊपर से गिरा युवक, पुलिस ने किया रेस्क्यू











