सेवा के 25 वर्ष पूर्ण करने वाले प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प होगा पूरा – सांसद बृजमोहन अग्रवाल

25 हजार दीपों से जगमगाया भूतेश्वरनाथ धाम, ‘आशीर्वाद का दीया’ में उमड़ी जनभागीदारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में 25 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और वातावरण सेवा, आभार एवं जनभागीदारी के संदेश से आलोकित हुआ। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उनके साथ छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर, कलेक्टर रणबीर शर्मा, एसएसपी वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, डीएफओ मयंक पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सेवा और संकल्प का संदेश 

‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। पूरे छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का कार्यक्रम रखा गया था।

भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण, आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।

सेवा के 25 वर्ष जनसेवा को समर्पित

विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज भगवान विश्वकर्मा की जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को बिजली, राशन, सड़क, स्कूल और कॉलेज जैसी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने अपना अधिकांश समय जनसेवा को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जा रहा है और छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन जैसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर दीप निर्माण एवं अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है तथा ग्रामीणों को आजीविका के अवसर मिलते हैं। सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं शतायु जीवन की कामना की। सांसद श्री अग्रवाल ने गरियाबंद जिले की प्राकृतिक समृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला अपनी वन संपदा और प्राकृतिक दृश्यों के लिए जाना जाता है। उन्होंने जिले में उपलब्ध खनिज संपदा का उल्लेख करते हुए हीरा एवं एलेक्जेंड्राइट जैसे खनिजों की उपलब्धता की भी बात कही।

दीपों की रोशनी से जगमगाया कलेक्टोरेट परिसर

जिले के प्रमुख स्थलों, शासकीय कार्यालयों, गांवों एवं मोहल्लों में उत्साहपूर्वक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं एसपी वेदव्रत सिरमौर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी -कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए।

दीपों की रोशनी से कलेक्टोरेट परिसर का गार्डन आकर्षक नजर आया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और सेवा भावना के साथ जिले के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर राजिम में सेवा संकल्प का उजियारा : त्रिवेणी संगम तट में 21 हजार दीपों ने रचा अद्भुत नजारा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button