पितईबंद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस; सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम के समीपस्थ ग्राम पितईबंद में राष्ट्रीय पर्व बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सर्वप्रथम शाला प्रांगण में ध्वजारोहण कर प्रभात फेरी हुआ, जिसके पश्चात ग्राम पंचायत में ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सस्वर गायन हुआ।विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, प्रेरक कहानियां, ओजस्वी भाषण एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया गया।चंद्रप्रभा सोनवानी प्रधान पाठक ने स्वागत उद्बोधन करते हुए कहा “शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की नींव है। बच्चों में राष्ट्रीय चेतना और नैतिक मूल्यों का सिंचन करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।”गोदावरी बंजारे सरपंच ने कहा गांव के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका है। ग्राम पंचायत विद्यालय के बुनियादी ढांचे और बच्चों की बेहतरी के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर है।
ओमप्रकाश डहरिया सचिव ने कहा राष्ट्रीय पर्व हमें एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं। आज के बच्चे ही कल के सशक्त भारत का निर्माण करेंगे।”सुबेलाल ध्रुव पूर्व सरपंच कहा ग्राम पंचायत और विद्यालय का यह तालमेल सराहनीय है। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
परिश्रम ही सफलता की कुंजी
सुनील कुमार पाण्डेय शिक्षक ने बताया कि विद्यार्थियों को अनुशासन और देशभक्ति को अपने जीवन में उतारना चाहिए। कड़ा परिश्रम ही सफलता की एकमात्र कुंजी है।”मोहन लाल साहू सेवानिवृत्त प्रधान पाठक ने बताया मेरे पढ़ाए हुए बच्चे आज अच्छे पोस्ट में है।विद्यालय की प्रगति और बच्चों का आत्मविश्वास देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। संस्कारयुक्त शिक्षा ही सच्चे नागरिक का निर्माण करती है।”
नरेश बया अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति ने कहा कि यह आजादी अमर शहीदों के के बदौलत मिली है हम इसे बेकार जाने नहीं देंगे। शाला प्रबंधन समिति विद्यालय के बेहतर संचालन और शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम के दौरान विशेष प्रोत्साहन स्वरूप शिक्षिका योगेश्वरी साहू की ओर से कक्षा 5वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा खुशी देवांगन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को ग्राम पंचायत की ओर से पेन व कॉपी भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसी मंच पर ग्राम पंचायत की सरपंच गोदावरी बंजारे का जन्म दिवस केक काटकर अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का बेहतरीन और प्रभावी मंच संचालन संतोष कुमार साहू द्वारा किया गया, जिनकी रोचक शैली ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम के समापन पर प्रधान पाठक आशा ध्रुव ने उपस्थित सभी अतिथियों, ग्रामीणों, शिक्षकों और बच्चों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपसरपंच शेखर बंजारे, सहदेव बंजारे, सेवा निवृत्त प्रधान पाठक द्वय चोवा राम बंजारे नन्दू राम यदु,भागवत यदु, जगन्नाथ यदु, शिक्षक विजय कुमार महोबिया, सुनील कुमार कौशिक, शिक्षिका योगेश्वरी साहू, अराधना नाग, भारती साहू सहित समस्त पंचगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, बिहान समूह की महिलाएं, बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पितईबंद स्कूल की नन्ही छात्राओं ने सीमा पर तैनात जवानों को भेजी राखियां, देशप्रेम की मिसाल










