भक्ति और आनंद से गूंजा फिंगेश्वर: शिवमहापुराण कथा में विवाह प्रसंग सुन भवविभोर हुए श्रद्धालु, नन्हे शिव-पार्वती बने आकर्षण का केंद्र

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर पंचायत फिंगेश्वर स्थित प्रसिद्ध फणिकेश्वरनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित शिवमहापुराण कथा में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कथा के पंचम दिवस बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। कथा व्यास पंडित भूपेंद्र धर दीवान एवं परायणकर्ता पंडित राहुल दुबे द्वारा शिवमहापुराण की कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति और महिमा का रसपान कराया जा रहा है।

कथा के पंचम दिवस सती चरित्र के बाद भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। जैसे ही शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग कथा में आया, पूरा मंदिर प्रांगण उत्साह और आनंद से भर उठा। श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव में इस तरह रम गए कि देखते ही देखते पूरा वातावरण हर-हर महादेव और जय माता पार्वती के जयघोष से गूंजने लगा।

नन्हे शिव-पार्वती बने आकर्षण का केंद्र

विवाह प्रसंग को और भी जीवंत बनाने के लिए नन्हे बच्चों ने शिव और पार्वती का स्वरूप धारण किया। बच्चों के मनमोहक रूप ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। भक्तों ने नन्हे शिव-पार्वती के स्वरूप पर पुष्पों की वर्षा की और फूल-मालाएं पहनाकर आशीर्वाद लिया। कथा स्थल पर शिव-पार्वती विवाह का उत्सव इतना आनंदमय रहा कि श्रद्धालु स्वयं को नृत्य करने से रोक नहीं सके। ढोल-मंजीरे और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर में ऐसा भक्तिमय माहौल बना कि मानो स्वयं कैलाश पर भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह उत्सव मनाया जा रहा हो।

कथा व्यास पंडित भूपेंद्र धर दीवान ने शिव-पार्वती विवाह के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए कहा कि भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह केवल दो स्वरूपों का मिलन नहीं, बल्कि शिव और शक्ति के मिलन का प्रतीक है। जहां शिव हैं, वहां शक्ति है और शिव-शक्ति के मिलन से ही सृष्टि का संतुलन बना रहता है। शिवमहापुराण कथा के दौरान फिंगेश्वर में लगातार भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता का वातावरण देखने को मिल रहा है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु फणिकेश्वरनाथ महादेव मंदिर प्रांगण पहुंच रहे हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

विधायक रोहित साहू की कांवड़ यात्रा बनी आस्था का महासंगम : फिंगेश्वर से राजिम तक गूंजा हर-हर महादेव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button