IGKV का पेपर लीक: परीक्षा शुरू होने के पहले सोशल मीडिया में आया पेपर, परीक्षा रद्द, FIR और जांच के निर्देश

5 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छतीसगढ़ में पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले पेपर व्हाट्सऐप पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पेपर किसी अन्य स्रोत से फॉरवर्ड होकर विद्यार्थियों तक पहुंचा था। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को मिलते ही हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसके प्रश्नपत्र के लीक होने की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्राप्त हुई। सुबह 8:50 बजे कवर्धा से प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10:30 बजे परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया।

प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गंभीरता से लिया है। मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री श्री नेताम ने विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल जांच समिति गठित करने तथा दोषियों के विरुद्ध FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देशों के परिपालन में मामले में FIR दर्ज कर दी गई है।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रश्नपत्र लीक जैसी घटना अत्यंत गंभीर है और इसमें जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध जांच के बाद कड़ी एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

5 सदस्यीय जांच समिति गठित

उल्लेखनीय है कि बीएससी द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी विषय की आयोजित होने वाली परीक्षा के मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 5 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति पूरे घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरस्त परीक्षा की आगामी तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी और परीक्षार्थियों को इसकी सूचना समय पर दी जाएगी। बताया गया कि विश्वविद्यालय के प्रश्नपत्रों की सेटिंग एवं छपाई विश्वविद्यालय स्तर पर की जाती है तथा प्रश्नपत्र संबंधित महाविद्यालयों को भेजे जाते हैं। ऐसे में प्रश्नपत्र लीक होने की घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

छत्तीसगढ़ में नकल और पेपर लीक पर सख्त कानून : 10 साल तक की सजा और 10 लाख का जुर्माना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button