गरियाबंद में तेन्दुए की लगातार मौजूदगी: वन विभाग अलर्ट, 13 गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए, तीन पालियों में वन अमले की गश्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– वनमण्डल गरियाबंद के वन परिक्षेत्र गरियाबंद अंतर्गत बारूका एवं जड़जड़ा परिसर के विभिन्न ग्रामों में वन्यप्राणी तेन्दुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। ग्रामीणों को संभावित जनहानि, जनघायल एवं पशुहानि से बचाने तथा लोगों को सतर्क करने के लिए वनमण्डल स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वन विभाग के अनुसार पंटोरा, चट्टानपारा, कोदोबतर, बारूका, जड़जड़ा, पेण्ड्रा, कोटरीघापर, भुईनाहाडेरा, कुर्रुभाठा, खट्टी, सढ़ौली, चिखली एवं आमदी सहित आसपास के गांवों में लगातार निगरानी की जा रही है। विभागीय अमले द्वारा गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को तेन्दुए से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी जा रही है।

जिन गांवों के आसपास तेन्दुए को प्रत्यक्ष रूप से देखा गया है, उनके नजदीकी जंगलों में पिंजरे लगाए गए हैं। वहीं आसपास के जंगलों में ट्रैप कैमरे लगाकर तेन्दुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर वन कर्मचारियों की तैनाती के साथ नियमित गश्त भी कराई जा रही है।

सतर्क रहने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों का ध्यान रखें और उन्हें अकेले बाहर न जाने दें। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा तीन पालियों में गश्ती की जा रही है, जिसमें प्रातः 5:00 बजे से पूर्वाह्न 11:00 बजे तक, पूर्वाह्न 11:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक तथा रात्रि 11:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक निगरानी शामिल है।

मोबाइल वाहन एवं अन्य सूचना तंत्रों के माध्यम से भी ग्रामीणों को तेन्दुए से सुरक्षा के उपायों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेन्दुए की गतिविधि अथवा किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। तेन्दुए से संबंधित सूचना के लिए वनमण्डल स्तर पर टोल फ्री नंबर 62681-77800 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा वनरक्षक देवेन्द्र तिवारी के मोबाइल नंबर 70003-28264 तथा वनरक्षक टेमन प्रसाद दुबे के मोबाइल नंबर 83193-00413 पर भी सूचना दी जा सकती है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद: पिंजरे में कैद हुआ खूंखार तेंदुआ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों के लिए राहत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button