नवापारा ब्रेकिंग: नगर पालिका कार्यालय में RI से मारपीट का आरोप, सिर पर गंभीर चोट; पुलिस जुटी जांच में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों और राजस्व निरीक्षक के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि 5 से 7 युवक नगर पालिका कार्यालय पहुंचे थे, जहां राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर से विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
मारपीट में राजस्व निरीक्षक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद वे खून से लथपथ हो गए। उन्हें तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। वहीं इस दौरान एक युवक के सिर में भी गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
एक दिन पहले सड़क पर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 5.15 बजे कुछ युवक नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। उस समय कार्यालय में राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे रूपो जगत और आरआई निखिल चंद्राकर के बीच मामूली विवाद हुआ था। इस पर रूपो जगत नाराज हो गया।
पालिका कार्यालय में पहुंचा विवाद
शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव, मोनू कंसारी और उनके अन्य साथी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि कार्यालय में राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कर्मचारियों ने बीच-बचाव करते हुए आरोपियों को नगर पालिका भवन से बाहर निकाल दिया। मारपीट में राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के सिर, पीठ, हाथ और पैर में चोट आने की बात सामने आई है। उन्हें तत्काल नवापारा सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजस्व निरीक्षक थाने पहुंचे और घटना की शिकायत पुलिस से की। इधर, हाथापाई के दौरान एक युवक के सिर में भी चोट लगने की बात सामने आई है।
कर्मचारियों में दहशत का माहौल

नगर पालिका जैसे सरकारी कार्यालय में कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के सामने विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद नगर पालिका परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार पैकरा सहित जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और राजस्व निरीक्षक का हालचाल जाना। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा विवाद का राज
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए नगर पालिका कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।
मारपीट की वजह अभी साफ नहीं
शिकायत में सरकारी कार्यालय में घुसकर शासकीय दस्तावेजों को फेंकने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, धमकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव, मोनू कंसारी एवं अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस द्वारा शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर नगरपालिका अध्यक्ष पर CMO-इंजीनियर से गाली-गलौज और धमकी का आरोप, FIR दर्ज











