7.72 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; बाइक से कर रहे थे परिवहन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो आरोपियों को 15.44 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 7 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक भी जब्त की है।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेक पोस्ट लगाकर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान 22 अगस्त 2026 को मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति महाराष्ट्र पासिंग वाली काले-नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से अवैध गांजा लेकर मैनपुर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झरियाबहरा के पास चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध पल्सर बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहन रोककर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान रोहित दत्त साल्वे (26), निवासी पेड्रॉड पंचवटी, नासिक और आनंद रामदास लौंधे (22), निवासी कुंभारवाड़ा, थाना भद्रकाली, जिला नासिक, महाराष्ट्र के रूप में बताई।

7.72 लाख का गांजा जब्त

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों के पास रखे बैग की तलाशी ली। बैग से 15.44 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 72 हजार रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 15 केपी 7573 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शातिर तरीके से टायरों में छिपाकर कर रहे थे गांजा की तस्करी, गरियाबंद पुलिस ने 151 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button