सागौन तस्करों ने बनाया था शातिर प्लान…, लेकिन तस्करों का प्लान स्मार्ट सर्विलांस ने कर दिया फेल

वन विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में सक्रिय अंतरराज्यीय सागौन तस्करी गिरोह का वन विभाग के स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम ने पर्दाफाश किया है। मानसून पेट्रोलिंग, तकनीकी निगरानी और मैदानी सूचना तंत्र के जरिए वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने सागौन के लट्ठों को उदंती नदी के बहाव के सहारे ओडिशा पहुंचाने की पूरी तैयारी कर रखी थी।

जानकारी के अनुसार, तस्करों ने उदंती नदी के किनारे सागौन के पेड़ की अवैध कटाई की थी। इसके बाद काटे गए सागौन के लट्ठों को रस्सियों के सहारे अर्जुन के पेड़ की जड़ों से बांधकर नदी किनारे छिपाकर रखा गया था। आरोपियों की योजना इन लट्ठों को आपस में बांधकर बेड़ी का रूप देने और उदंती नदी के तेज बहाव के साथ ओडिशा की ओर भेजने की थी।

इसी दौरान वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सक्रिय किए गए स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम में दो संदिग्धों की गतिविधियां कैद हो गईं। तकनीकी निगरानी से मिले इनपुट के बाद वन अमले ने मैदानी स्तर पर पतासाजी शुरू की। संदिग्धों की पहचान होने के बाद घेराबंदी कर कार्रवाई की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीसरे आरोपी को भी किया गिरफ्तार

पूछताछ और जांच में सामने आए सुरागों के आधार पर अंतरराज्यीय लकड़ी तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद वन विभाग और गरियाबंद पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा में कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

वन विभाग के अनुसार, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम के साथ मानसून पेट्रोलिंग, नियमित गश्त और मैदानी सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है। इसी निगरानी के चलते सागौन तस्करी की इस बड़ी कोशिश को समय रहते नाकाम किया जा सका।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग अंतरराज्यीय लकड़ी तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

उदंती-सीतानदी में शुरू हुआ स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम: एआई तकनीक से वन और वन्यजीवों की 24X7 निगरानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button