पेट्रोल-डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, विस्फोट के डर से खाली कराया गया इलाका; मचा हड़कंप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील ईंधन भरा होने के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आग लगते ही चालक और कंडक्टर टैंकर से कूदकर बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मामला कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र का है।

बैटरी से निकला धुआं, भड़की आग

जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। गुरसियां के पास चालक दीपक कुमार खाना खाने के लिए एक होटल में रुके थे। खाना खाने के बाद जैसे ही उन्होंने टैंकर स्टार्ट करने के लिए चाबी ऑन कर सेल्फ मारा, बैटरी की तरफ से धुआं निकलने लगा।

देखते ही देखते टैंकर में आग भड़क उठी। चालक ने टैंकर में रखे फायर बोतल और दो फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग धीरे-धीरे टैंकर के टायरों तक पहुंच गई और कुछ ही देर में पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया।

हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल होने से बढ़ा खतरा

टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल लदा हुआ था। इसमें करीब 4 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल भरा था। ज्वलनशील पदार्थ की इतनी बड़ी मात्रा के कारण टैंकर में विस्फोट की आशंका बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांगो थाना पुलिस और यातायात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

रिहायशी इलाके को कराया गया खाली

टैंकर में आग और बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल होने के कारण पुलिस एवं प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाया और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा। सूचना मिलते ही दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

टैंकर को किया जा रहा ठंडा

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन बुलाया गया था। सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर आवाजाही रोक दी गई थी, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन टैंकर काफी गर्म होने के कारण उसे लगातार ठंडा किया जा रहा है। दमकल की टीम मौके पर मौजूद है और पुलिस पूरे इलाके की निगरानी कर रही है।

फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी से निकली चिंगारी अथवा तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

खड़े ट्रैक्टर में लगी भीषण आग: धूं-धूं कर जला इंजन, चालक ने कूदकर बचाई जान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button