जिस बस से स्कूल जाने निकली, उसी ने कुचल दिया: मासूम छात्रा की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम; बस चालक पुलिस की गिरफ्त में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा की मासूम छात्रा की मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनपुर बस्ती की रहने वाली दूसरी कक्षा की मासूम बच्ची प्रिंशी रोज की तरह सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। वह क्षेत्र के भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। घर के पास बस को आते देख वह अपने बस स्टॉपेज की ओर दौड़ी। इस दौरान वह बस के सामने आ गई। बस के चपेट में आते ही वह पहिए के नीचे दब गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल ले जाते समय थमी मासूम की सांस
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल बच्ची को उठाया और उपचार के लिए सोनहत के स्थानीय अस्पताल ले जाने लगे। बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम प्रिंशी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और चालक ने बच्ची को दौड़ते हुए देखकर भी बस को रोका नहीं जिससे यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद फरार चालक को पुलिस ने पकड़ा
मासूम की मौत की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना के बाद मौके से फरार हुए स्कूल बस चालक की तलाश शुरू की गई और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: नवापारा–कुरूद मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को कुचला











