नवापारा में आंगन मिलन कार्यक्रम: महतारी वंदन से बेटियों के भविष्य को संवार रहीं महिलाएं
आंगनबाड़ी खुलने से कुपोषण दर में आई कमी, टीकाकरण को लेकर भी बढ़ी जागरूकता : अन्नपूर्णा देवांगन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 17 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परियोजना अधिकारी रचिता नायडू एवं सुपरवाइजर रेखा साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में आठ आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल कर भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पार्षद सचिन सचदेव मुख्य अतिथि रहे, जबकि नम्मू नारायण ध्रुव, जीना निषाद, पूजा कंसारी, अन्नपूर्णा देवांगन, योगिता सिन्हा, धनमती साहू और हर्षा कंसारी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
लोगों में जागरूकता बढ़ी
मुख्य वक्ता अन्नपूर्णा देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन से क्षेत्र में कुपोषण की दर पहले की तुलना में कम हुई है। साथ ही टीकाकरण को लेकर भी लोगों में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आंगन मिलन कार्यक्रम सेवा, संस्कार और आत्मीयता का अद्भुत संगम है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनें समर्पण भाव से मेहनत कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं।
पार्षद सचिन सचदेव ने कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। बच्चों की प्रथम पाठशाला आंगनबाड़ी होती है, जहां उन्हें शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, पोषण और संस्कार की जानकारी मिलती है।
हितग्राही कविता साहू ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि के उपयोग की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस सहयोग राशि से अपनी बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पालन-पोषण में भी सहयोगी साबित हो रही है।
गोद भराई की रस्म भी संपन्न

कार्यक्रम के दौरान चार गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। वहीं मितानिन कृष्णा देवांगन, कल्याणी साहू, भारती साहू, पदमा कौशिक और रूपा साहू का श्रीफल भेंट कर एवं तिलक लगाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्याणी कंसारी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यकर्ता दुर्गा यादव, संतोषी मानिकपुरी, शशि कंडरा, गीता साहू, गिरिजा सोनी, मोगरा नगारची, गायत्री साहू, ममता देवी साहू, दीपाली जैन, जहारा बानो सहित सहायिका केसर साहू, मंगतिन साहू, गोदावरी साहू, आरती कंसारी, केवरा कंसारी, ईश्वरी विश्वकर्मा, लता देवांगन और रुखमनी साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में न्योता भोज का आयोजन कर आंगन मिलन अभियान का समापन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में माताएं एवं क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











