तालाब में नहाने पहुंचीं 3 मासूम सहेलियां; डूबने से तीनों की मौत, गांव में पसरा मातम, इस बात की जताई जा रही आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। तालाब में नहाने गईं तीन नाबालिग सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। काफी देर तक बच्चियों के घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में निकले। तालाब के किनारे बच्चियों के चप्पल और कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की। इसी दौरान एक बच्ची का शव पानी में दिखाई दिया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद बाकी दोनों बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक नुनेरा गांव निवासी इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) आपस में सहेलियां थीं। तीनों कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवार से थीं। गुरुवार को परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर चले गए थे। इसी दौरान तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर के समय तालाब में नहाने के लिए चली गईं। शाम को जब परिजन काम से घर लौटे तो तीनों बच्चियां घर पर नहीं थीं। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की।
तालाब किनारे मिले चप्पल और कपड़े
तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब के पास पहुंचा। वहां मेड़ पर बच्चियों के चप्पल और कपड़े पड़े मिले। इसी दौरान तालाब के पानी में इंदु का शव तैरता दिखाई दिया। ग्रामीण ने तत्काल परिजनों और गांव के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से इंदु के शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
काफी मशक्कत के बाद मिले शव
एक बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
एक को बचाने के प्रयास में दोनों भी उतरीं?
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची गहरे पानी में चली गई हो और उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी पानी में उतर गई हों। हालांकि, तीनों बच्चियों की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम











