राजिम के महानदी तट पर अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन की छापामार कार्रवाई, माफियाओं में मचा हड़कंप

ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर भागे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम क्षेत्र के महानदी तट पर लंबे समय से चल रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने राजिम के समीप ग्राम पितईबंद स्थित नर्सरी क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही रेत खनन में लगे कई लोग अपने वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले।

जानकारी के अनुसार, पितईबंद नर्सरी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध तरीके से रेत उत्खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम को मौके पर रेत खनन से जुड़े कई वाहन मिले। टीम को देखते ही कथित रेत माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर भाग गए। कुछ लोगों द्वारा ट्रॉलियों को पलटकर मौके से भागने की कोशिश किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

नर्सरी क्षेत्र में पेड़ों की कटाई का भी आरोप

स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि रेत खनन के लिए पितईबंद नर्सरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की गई है। अवैध खनन के चलते क्षेत्र के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। हालांकि, पेड़ों की कटाई और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन से संबंधित आरोपों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बताया जा रहा है कि शासन की निगरानी से बचने के लिए इन दिनों नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए रेत निकालकर अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से डंप किया जाता है। इसके बाद रात के समय हाइवा के माध्यम से इस रेत का बाहरी क्षेत्रों में परिवहन किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

एनजीटी के निर्देशों का भी पालन नहीं 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में नदी में पानी का स्तर बढ़ने के कारण नदी के बीच से रेत निकालना मुश्किल होने पर नदी के किनारों और तटवर्ती क्षेत्रों में खनन किया जा रहा है, जिससे नदी के प्राकृतिक तटों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं, एनजीटी के निर्देशों और पर्यावरणीय नियमों के बावजूद यदि इस तरह का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है, तो इसकी जांच कर संबंधित लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठ रही है।

प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब जब्त किए गए वाहनों और मौके से मिले खनन संबंधी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से जब्त वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पारागांव में महानदी तट पर अवैध रेत खनन : जांच टीम पहुंची, ग्रामीणों ने सरपंच पर अवैध खनन का लगाया गंभीर आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button