गरियाबंद के गांधी मैदान में सजेगा भक्ति और आस्था का भव्य दरबार, काली रूप और पौराणिक झांकियां रहेंगी खास

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद में इस बार गणेश उत्सव में भक्ति और आस्था से जुड़ा खास आयोजन होने जा रहा है। गोवर्धन पारा गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में वार्ड नंबर 06, गरियाबंद की ओर से पहली बार शहर में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध “दाई के दुलरवा जस झांकी पटपर” मंडली की भव्य प्रस्तुति आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम 18 सितंबर 2026 को रात 8 बजे गांधी मैदान, गरियाबंद में आयोजित होगा।
आयोजन के दौरान देवी जस गीतों के साथ माता काली के अद्भुत रूप और विभिन्न पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। धार्मिक एवं पौराणिक कथाओं को झांकियों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा, जिसे देखने के लिए जिलेवासियों में खासा उत्साह है। पटपर झांकी को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं तेज हैं। पहली बार गरियाबंद में इस तरह की भव्य प्रस्तुति होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
आयोजन को लेकर समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पार्षद छगन यादव ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गांधी मैदान में भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। दर्शकों के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि सभी लोग सुविधापूर्वक कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
छगन यादव ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मां की भक्ति और आस्था से जुड़ा पर्व है। उन्होंने जिलेवासियों से पूरे परिवार के साथ गांधी मैदान पहुंचकर इस भव्य भक्तिमय कार्यक्रम का हिस्सा बनने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम के त्रिवेणी संगम पर प्रज्ज्वलित होगा आशीर्वाद का दीया, 21 हजार दीपों से जगमगाएगा तट











