नवापारा ब्रेकिंग : बाढ़ का नजारा देखने निकले तीन युवक, बीच सड़क में डूबी कार; गाड़ी हो गई लॉक, फिर ऐसे बची जान, VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– महानदी में बढ़े जलस्तर और बाढ़ का नजारा देखने निकले तीन युवकों की कार नदी के पानी में फंसकर डूब गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक लोमश ऋषि आश्रम के रास्ते कुलेश्वर मंदिर की ओर से महानदी में आई बाढ़ का नजारा देखने जा रहे थे। बीच रास्ते में पानी का बहाव और जलस्तर अधिक होने के कारण कार अचानक बंद हो गई। देखते ही देखते पानी कार के आसपास बढ़ गया और स्थिति गंभीर हो गई।
जानकारी के अनुसार नवापारा और ग्राम सोंठ के तीन युवक कार में सवार होकर सोमवारी बाजार पुल से लोमश ऋषि आश्रम के रास्ते कुलेश्वर मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाढ़ का पानी सड़क पर अधिक होने के बावजूद कार चला रहे युवक ने कार आगे बढ़ा दी। कुछ दूरी तय करने के बाद पानी का लेवल और बढ़ता गया। उन्हे लगा की आगे जाकर निकल जाएंगे। लेकिन बीच रास्ते में कार अचानक बंद हो गई। पानी बढ़ने के साथ ही कार के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे तीनों युवक अंदर ही फंस गए।
एक खिड़की खुली तो बाहर निकले युवक

कार सवार एक युवक ने बताया कि, कार के दरवाजे लॉक होने के बाद कुछ समय के लिए तीनों युवकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि कार की एक खिड़की खुल गई। जिसके बाद तीनों युवक जैसे-तैसे बाहर निकलने में कामयाब हुए। कार से बाहर निकलने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली।
आसपास के लोग भी बाढ़ का नजारा देखने मौके पर पहुंचे थे। तब युवकों ने अपनी आप बीती उन्हे बताई। इसके बाद कार को पानी से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई।
सागर पांडे ने बुलाया ट्रैक्टर, रोहित निषाद ने भी की मदद

कार को बाहर निकालने के लिए नवापारा निवासी सागर पांडे ने तत्काल ट्रैक्टर की व्यवस्था की। वहीं नवागांव निवासी रोहित निषाद ने भी मौके पर पहुंचकर मदद की। करीब एक घंटे तक लगातार मेहनत करने के बाद ट्रैक्टर की मदद से कार को जैसे तैसे खींच कर पानी से बाहर निकाला गया।

करीब एक घंटे चले रेस्क्यू के बाद कार वापस बाहर आ सकी। इस दौरान बाढ़ के कवरेज के लिए पहुंचे प्रयाग न्यूज की टीम और आसपास मौजूद लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। गनिमत रहा की हादसे में तीनों युवक सुरक्षित बच गए।
बाढ़ वाले रास्तों पर बढ़ा खतरा
महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के कई निचले इलाकों और रास्तों में पानी भर गया है। ऐसे में बाढ़ का नजारा देखने या नदी-नालों के आसपास जाने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि पानी के तेज बहाव वाले रास्तों पर वाहन लेकर जाना कितना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर जब पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल हो, ऐसे रास्तों पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

इधर महानदी में गंगरेल बांध से करीब 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नवापारा नगर की निचली बस्तियों में बाढ़ का पानी भर गया। अचानक जलस्तर बढ़ने से प्रभावित इलाकों में लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा और कई परिवार घरों से सामान सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करते नजर आए। स्थिति की जानकारी मिलने पर अभनपुर एसडीएम रवि सिंह भी मौके पर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया की प्रशासन की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











