सरपंच की पीट-पीटकर हत्या: महिला से संबंध के शक में परिवार के 7 लोगों ने रची साजिश, ढाई घंटे तक बेरहमी से पीटा

सभी 7 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक सरपंच की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि सरपंच के एक महिला से कथित संबंध को लेकर महिला के परिवार के लोग नाराज थे। इसी विवाद में परिवार के 7 सदस्यों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मोहपाल में सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56)  का शव 30 सितंबर की सुबह गांव के तालाब के पास संदिग्ध हालत में मिला था। शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर उनकी बाइक और खेत के किनारे लोहे की रॉड व डंडे मिले थे। खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।

पंचायत कार्यालय जाने की बात कहकर निकले थे सरपंच

परिजनों के अनुसार, मंगल सिंह 29 सितंबर की शाम करीब 6 बजे घर से पंचायत कार्यालय जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों को लगा कि वे गांव में किसी दूसरे घर में रुक गए होंगे।

अगली सुबह तालाब के पास उनके पड़े होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जंगल में घात लगाकर बैठे थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि सरपंच के गांव लौटने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पगडंडी और नदी किनारे जंगल के रास्ते में छिपकर बैठे थे। जैसे ही मंगल सिंह वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उनके हाथ बांध दिए और डंडे, लोहे की रॉड, थप्पड़ व चप्पल से करीब ढाई घंटे तक मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया गया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहे। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

महिला से कथित संबंध को लेकर था विवाद

पुलिस की पूछताछ में सरपंच के एक महिला से कथित संबंध की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर महिला के परिवार के लोग मंगल सिंह से नाराज थे और उन्होंने उनकी हत्या की योजना बनाई।

संदेही मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ के बाद पुलिस को घटना से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ये सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नतलू टाटी (28), राकेश मंडावी (21), प्रभु लाल नेताम (20) सभी ग्राम मोहपाल निवासी को गिरफ्तार किया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ेडोंगर पुलिस, एफएसएल टीम, साइबर टीम और रक्षित केंद्र की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के घर से घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और लोहे की रॉड बरामद किए हैं।

मामले में बड़ेडोंगर थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी घटना और आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पूर्व सरपंच की खून से लथपथ मिला शव, धारदार हथियार से निर्मम हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button