प्रेम विवाह के 6 महीने बाद नवविवाहिता की मौत, फंदे पर लटका मिला शव, मायके वालों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप; कमरे में खून के निशान मिलने का दावा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेम विवाह के करीब छह महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रोजी खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन की बात सामने आई है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए मौत को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या होने का संदेह जताया है। परिजनों का दावा है कि ससुराल पहुंचने पर कमरे में खून के निशान दिखाई दिए थे। पुलिस ने इन आरोपों को जांच के दायरे में लेते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

अप्रैल में किया था प्रेम विवाह

पुलिस के अनुसार अशोक नगर स्थित व्हाइट बिल्डिंग निवासी अय्यूब खान ड्राइवर हैं। उनका बेटा फरहान खान कार शोरूम में काम करता है। फरहान ने अप्रैल में गौरेला निवासी रोजी खान से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों अय्यूब खान के साथ अशोक नगर स्थित मकान में रह रहे थे।

बताया गया कि गुरुवार को फरहान लुतरा में आयोजित उर्स में शामिल होने गया था। वह रातभर घर नहीं लौटा और शुक्रवार सुबह वापस आया। घर लौटने के कुछ देर बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन होने की बात सामने आई। इसके बाद फरहान अपनी ड्यूटी पर चला गया।

कमरे में फंदे पर मिली रोजी

करीब 11 बजे अय्यूब की पत्नी ने रोजी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखा। शुरुआत में उन्होंने इसे नाराजगी समझा। कुछ देर बाद कमरे में झांकने पर रोजी फांसी के फंदे पर लटकी दिखाई दी। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर रोजी को नीचे उतारा गया और तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर किया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के रोजी के मायके वालों मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया है कि उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि रोजी ने पहले फोन पर उन्हें घरेलू हिंसा और प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिजनों के अनुसार, जब वे घटना के बाद ससुराल पहुंचे तो कमरे में खून के निशान दिखाई दिए। इसी आधार पर उन्होंने रोजी की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। खून के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियां, मोबाइल फोन और मृतका द्वारा पूर्व में की गई शिकायतों से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

तालाब में मिली नवविवाहिता की लाश; चार माह पहले हुई थी शादी, पति पर हत्या का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button