1 हजार के लिए दोस्त बना कातिल! कार में बैठाकर ले गया जंगल, फिर कर दी हत्या
सबूत मिटाने किया ये काम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में महज 1 हजार रुपए के बकाया को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले दोस्त को कार में बैठाया फिर जंगल ले गया और वहां लकड़ी के फाड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने करीब एक सप्ताह बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास पुलिस को एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहना था। सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान मिले थे। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की, जिसके बाद मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास (29) के रूप में हुई। राजेश खेती-किसानी करता था। जांच आगे बढ़ने पर उसके दोस्त ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30) पर पुलिस का शक गहराया।
1 हजार के लिए विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कैलाश ने राजेश को ओप्पो कंपनी का सेकंड हैंड मोबाइल 6 हजार रुपए में बेचा था। राजेश ने 5 हजार रुपए चुका दिए थे, जबकि 1 हजार रुपए बाकी थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को कैलाश राजेश को अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार में बैठाकर जुरगुम जंगल की ओर ले गया। वहां बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद कैलाश ने राजेश को कार से नीचे उतारा और जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में गहरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और राजेश का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया। घटना के समय पहने अपने खून से सने कपड़े भी डोड़की नदी में फेंक दिए। कार पर लगे खून के छींटों को भी आरोपी ने नदी के पानी से धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
ASP राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कार भी उसके घर से बरामद की है। सबूत मिटाने के प्रयास के चलते हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के साथ धारा 238 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











