कुरूद SDM कार्यालय में ACB की कार्रवाई, 10 हजार रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कुरूद SDM कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन एवं डायवर्सन शाखा में पदस्थ बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। प्लॉट डायवर्शन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में कर्मचारी द्वारा 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्लॉट डायवर्शन के लिए मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार कुरूद के संजय नगर शिक्षक कॉलोनी निवासी जमीन कारोबारी प्रकाश चंद्राकर ने कन्हारपुरी स्थित करीब 1200 वर्गफीट के प्लॉट के डायवर्शन के लिए SDM कार्यालय की संबंधित शाखा में आवेदन किया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि डायवर्शन का काम करने के एवज में सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी ने पहले 40 हजार रुपए की मांग की थी। बातचीत के बाद यह रकम 20 हजार रुपए तय हुई। इसके बाद पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए देने की बात तय हुई।
ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रकाश चंद्राकर ने ACB से शिकायत की। ACB ने शिकायत का सत्यापन किया। ACB निरीक्षक अनिल ठाकुर के अनुसार, शिकायतकर्ता को बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए रिकॉर्डर उपलब्ध कराया गया था। रिकॉर्डिंग में आरोपी द्वारा 20 हजार रुपए की मांग किए जाने की बात सामने आने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।
सोमवार को ACB की टीम डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में कुरूद SDM कार्यालय पहुंची। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए दिए। जैसे ही कर्मचारी ने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात ACB की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
SDM कार्यालय में मचा हड़कंप
ACB की अचानक हुई कार्रवाई से SDM कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम ने आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर उसके कक्ष में दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की। कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। ACB निरीक्षक के मुताबिक आरोपी को न्यायालय में पेश कर 15 दिन की न्यायिक रिमांड की मांग की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंग: नामांतरण के लिए किसान से रिश्वत की मांग, ACB ने पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा











