भारत-जिम्बाब्वे T20 मैच: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक
16, 18 और 20 अक्टूबर को नवा रायपुर के स्टेडियम में होंगे मुकाबले, पार्किंग, ट्रैफिक, मेडिकल सुविधा और टिकट व्यवस्था पर हुई चर्चा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को होने वाले भारत बनाम जिम्बाब्वे टी-20 मुकाबलों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मैचों के दौरान दर्शकों की सुरक्षा, सुगम यातायात, पार्किंग, आग से बचाव और आपदा प्रबंधन को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। मैच के दौरान दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सामानों की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली यानी ओवररेटिंग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। प्रशासन द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
आग से बचाव और मेडिकल सुविधा पर विशेष जोर
मैच के दौरान आगजनी या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करने और जिला सेनानी से समन्वय कर उनका पहले ही परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दर्शकों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवाजाही, आपातकालीन निकासी और मेडिकल सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि इस बार मैचों के टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से बेचे जा रहे हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा खलखो, रायपुर ग्रामीण एएसपी अभिषेक झा, एडीएम उमाशंकर बंदे, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ एवं बीसीसीआई के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
भारत का ऐतिहासिक रन चेज, 405 रन का पहाड़ भी छोटा पड़ा, गिल के दोहरे शतक ने पलट दिया पूरा मैच;











