आरंग में जगराता पोस्टर विवाद: समिति ने पालिका अध्यक्ष को संरक्षक पद से हटाया; FIR की मांग, 14 अक्टूबर को नगर बंद का आह्वान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दुर्गा माता के जगराता कार्यक्रम के प्रचार पोस्टर को निकलवाकर कचरा गाड़ी में डलवाने के आरोप ने आरंग में विवाद खड़ा कर दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के खिलाफ नगरवासियों में नाराजगी की बात सामने आई है। मामले को लेकर 14 अक्टूबर को आरंग बंद का आह्वान किया गया है। आरोप है कि पोस्टर हटवाकर कचरा गाड़ी में डलवाए गए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जगराता के प्रचार के लिए लगाए गए थे फ्लेक्स
जानकारी के अनुसार, महामाया पारा (बड़ी दुर्गा मां) समिति द्वारा पंचमी के पावन अवसर पर पद्मश्री अनुज शर्मा के विशेष जगराता कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। समिति के मुताबिक, यह आयोजन कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए समिति सदस्य दीपक सोनी ने अपने निजी खर्च से नगर के गौरवपथ पर श्रीराम तिराहे से तहसील कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के खंभों पर 50 से अधिक फ्लेक्स और पोस्टर लगवाए थे। इन प्रचार सामग्रियों में कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, समिति अध्यक्ष लल्ला साहनी और दीपक सोनी की तस्वीरें थीं।
पोस्टर में तस्वीर नहीं होने पर नाराजगी का आरोप

आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, जो समिति के संरक्षक भी थे, प्रचार पोस्टर में अपनी तस्वीर नहीं देखकर नाराज हो गए थे। बताया गया कि समिति के सदस्य जब मूर्ति लाने के लिए गए हुए थे, उसी दौरान नगर पालिका कर्मचारियों के माध्यम से सभी फ्लेक्स उतरवा दिए गए।
कचरा गाड़ी में फ्लेक्स डालने का वीडियो वायरल होने का दावा
विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित होने की बात सामने आई। समिति और नगरवासियों का दावा है कि वीडियो में नगर पालिका के कचरा वाहन में मां दुर्गा और कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब की तस्वीरों वाली फ्लेक्स फेंकते हुए दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि प्रचार सामग्री को फाड़कर कचरा गाड़ी में डाला गया।
इस घटनाक्रम को लेकर समिति के सदस्यों और मां दुर्गा के भक्तों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक आयोजन की प्रचार सामग्री के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए और धार्मिक कार्यक्रमों को राजनीतिक विवाद से दूर रखा जाना चाहिए।
समिति की बैठक में निष्कासन का निर्णय, एफआईआर की मांग
घटना के बाद समिति की आपात बैठक बुलाई गई। समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. संदीप जैन को संरक्षक पद और प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया।
14 अक्टूबर को आरंग बंद का आह्वान
इसके बाद समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी आरंग थाने पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज नगरवासियों ने 14 अक्टूबर को आरंग बंद का आह्वान किया है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











