कन्या आवासीय विद्यालय में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में इस हाल में मिला शव; जांच में जुटा पुलिस-प्रशासन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मामला कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल का है।
तबीयत खराब होने पर घर गई थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा तुमरीसुर गांव की निवासी थी और पिछले करीब छह वर्षों से दुर्गूकोंदल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की छात्रा थी। बताया गया कि 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने के कारण उसके पिता उसे घर ले गए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह उसके मामा उसे वापस छात्रावास छोड़ने पहुंचे थे।
कमरे का दरवाजा खोलने पर सामने आई घटना
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर के बाद छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रही। शाम करीब पांच बजे जब अन्य छात्राएं कमरे में लौटीं, तो दरवाजा बंद मिला। इसकी सूचना छात्रावास अधीक्षक को दी गई। दरवाजा खोले जाने पर छात्रा का शव कमरे में मिला।
एसडीएम पहुंचे मौके पर, फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने पर भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और लंबे समय से छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रही थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्गूकोंदल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
हॉस्टल में भूत का खौफ! दहशत में रातों-रात बाहर निकलीं तीन छात्राएं, सरपंच के घर पहुंचकर मांगी मदद











