रायपुर में रफ्तार का कहर: दो अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत, महिला-बच्चों समेत कई घायल; शराब पार्टी के बाद कार रेसिंग का शक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला और दो बच्चों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक हादसे में तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे हादसे में सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर डिवाइडर की पेंटिंग कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इलाज के दौरान दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया।
बुजुर्ग की मौत, महिला और दो बच्चे घायल
पहली घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक की है। जानकारी के अनुसार, श्याम नगर निवासी 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन अपने परिवार के साथ नया रायपुर में आयोजित भतीजी की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। शुक्रवार देर रात अग्रसेन धाम चौक के पास तेज रफ्तार स्कोडा कार ने उनकी बलेनो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्कोडा सवार चार युवक फरार
बताया जा रहा है कि स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। टक्कर के बाद वे भी घायल हुए, लेकिन कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्कोडा कार को जब्त कर लिया है और चारों युवकों की तलाश की जा रही है। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
रोड पर शराब पीते वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि हादसे से पहले स्कोडा कार में सवार युवकों का डळ रोड पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए एक वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को किसी राहगीर ने रिकॉर्ड किया था। पुलिस इस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।
मजदूरों को कार ने कुचला, दो की मौत
दूसरी घटना रायपुर के सेरीखेड़ी ओवरब्रिज की है, जहां डिवाइडर पर पेंटिंग का काम कर रहे मजदूर तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत को देखते हुए उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू (24), पिंटू माली (45) और थनवा सहित अन्य मजदूर 28 अक्टूबर की सुबह सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के उतरने वाले हिस्से में डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे। मजदूरों की सुरक्षा के लिए सड़क पर स्टॉपर भी लगाए गए थे।
इसी दौरान आरंग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने स्टॉपर को जोरदार टक्कर मार दी और सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान कपिल सैनी और पिंटू माली की मौत हो गई। वहीं, तीसरे घायल मजदूर थनवा का डीकेएस अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हिट एंड रन का अपराध दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











