गरियाबंद में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन: मंत्री टंकराम वर्मा बोले– विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा प्रदेश
जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, हितग्राहियों को सामग्री वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस परेड ग्राउंड गरियाबंद में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष रिखीराम यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रीय एवं राजकीय गीत का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और गरियाबंद जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जिले की वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की विशेषताओं से अतिथियों को अवगत कराया।
अधिकारी-कर्मचारियों सम्मानित

समारोह के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली तथा आम नागरिकों से चर्चा कर योजनाओं के लाभ के संबंध में फीडबैक भी लिया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री, उपकरण एवं चेक वितरित किए गए। वहीं दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और रंग-बिरंगे परिधानों ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष, त्याग और संकल्प का परिणाम है। प्रदेश ने अपने 26 वर्षों के सफर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान
मंत्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम सुराज की संकल्पना को साकार करने के साथ आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने गरियाबंद जिले की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, वन संपदा और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है। भूतेश्वरनाथ मंदिर और जतमई धाम जैसे धार्मिक स्थल जिले की गौरवशाली पहचान हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से प्रदेश में शांति, खुशहाली और विकास की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। औद्योगिक विकास को भी नई गति मिल रही है।
जिले के विकास को और गति मिल रही
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन प्रदेशवासियों के वर्षों पुराने सपनों का साकार रूप है। राज्य बनने के बाद गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के उत्थान के लिए विकास के नए रास्ते खुले हैं। गरियाबंद जिले ने भी शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सहभागिता से जिले के विकास को और गति मिल रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि पंचायत स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति तेज हुई है। शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, जनपद पंचायत देवभोग अध्यक्ष पदमलया निधि, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता शर्मा, वरिष्ठ नागरिक अनिल चन्द्राकर एवं आशीष शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











