अभनपुर ब्रेकिंग: सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ी बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर इलाके से बड़ी खबर आ रही है, जहां बीती रात दर्दनाक सड़क हादसे ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक कल्पतरु प्लांट के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मृतक युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि कल्पतरु प्लांट होने के कारण इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। सड़क पर बेतरतीब खड़े इन वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय स्तर पर इस समस्या को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर जिम्मेदार विभाग कब कार्रवाई करेगा?
वहीं, हादसे के बाद बाइक सवार युवकों के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की शिनाख्त और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंग: हाइवा ने एक्टिवा सवार को रौंदा, एक नाबालिग की मौत, दो घायल











