सजा मां काली का दरबार, गूंजे जसगीत; गरियाबंद में भक्ति की रात, गांधी मैदान पड़ा छोटा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गणेश उत्सव के अवसर पर शुक्रवार की रात गरियाबंद का गांधी मैदान भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया। गोवर्धन पारा गणेश उत्सव समिति, वार्ड नंबर 06 की ओर से पहली बार शहर में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध ‘दाई के दुलरवा जस झांकी पटपर’ मंडली की भव्य प्रस्तुति आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक मैदान खचाखच भरा रहा।
मंच पर जसगीतों की शुरुआत होते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मां काली और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के साथ पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। माता के जयकारों और जसगीतों से गांधी मैदान गूंजता रहा।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी झांकी और जसगीतों का आनंद लेते नजर आए। श्रद्धालुओं ने मोबाइल में कार्यक्रम के वीडियो भी रिकॉर्ड किए।
सोशल मीडिया पर भी छाया पटपर झांकी का रंग

आयोजन से पहले ही ‘पटपर झांकी’ को लेकर सोशल मीडिया पर उत्सुकता बनी हुई थी। जसगीतों और झांकी से जुड़े वीडियो और रील लोगों के बीच चर्चा में रहे। कार्यक्रम के बाद भी आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होते रहे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि गरियाबंद में इस स्तर का धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन पहली बार देखने को मिला। हजारों की भीड़ ने कार्यक्रम की भव्यता को और खास बना दिया।
छगन यादव ने जताया आभार

गोवर्धन पारा गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 06 के पार्षद छगन यादव ने आयोजन की सफलता के लिए श्रद्धालुओं, सहयोगियों और पूरी आयोजन समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि टीम ने करीब दो महीने तक मेहनत कर कार्यक्रम की तैयारियां कीं, जिसका परिणाम इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के रूप में सामने आया।
उन्होंने पुलिस प्रशासन का भी विशेष आभार जताते हुए कहा कि हजारों की भीड़ के बीच अधिकारियों और जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी बेहतर तरीके से संभाली।
छगन यादव ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मां की भक्ति और आस्था से जुड़ा पर्व है। धार्मिक आस्था, छत्तीसगढ़ी संस्कृति, जसगीत और पौराणिक झांकियों के संगम ने गांधी मैदान में ऐसा माहौल बनाया, जिसे श्रद्धालु लंबे समय तक याद रखेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
सेम्हरतरा में गणेशोत्सव की धूम, शाम होते ही जगमगा उठता है पूरा गांव











