तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, छठी कार्यक्रम से लौट रहे दो दोस्तों को कार ने रौंदा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी अजय कुमार सेन (25 वर्ष) अपने मित्र निलेश कुमार श्रीवास (28 वर्ष) के साथ नैला में आयोजित एक पारिवारिक छठी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों युवक बाइक से पुटपुरा क्षेत्र में एक रिश्तेदार को लेने जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर तेज रफ्तार बलेनो कार क्रमांक सीजी 28 एम 6430 ने उनकी बाइक सीजी 11 बीक्यू 8406 को जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर दूर जा गिरे दोनों युवक
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जांजगीर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद निलेश कुमार श्रीवास को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अजय कुमार सेन की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
हादसे में कार चालक को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(1) एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग : आबकारी विभाग की गाड़ी और बाइक की टक्कर, ट्रैक्टर चालक की मौत











