‘स्वच्छ राजिम-सुंदर राजिम’ का संदेश : झाड़ू थामकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की महानदी घाट की सफाई

सेवा संकल्प अभियान के तहत पुराना मंच से लक्ष्मण झूला तक चला विशेष स्वच्छता अभियान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को राजिम के महानदी घाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 7 बजे आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने हाथों में झाड़ू थामकर पुराना मंच से लक्ष्मण झूला तक घाट एवं नदी तट क्षेत्र की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू सहित सैकड़ों लोगों ने श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान में नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, एसडीएम विशाल महाराणा, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन विभाग गरियाबंद एस.के. बर्मन सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि, आम नागरिक, स्वच्छता दीदियां, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

अभियान के दौरान सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए घाट परिसर एवं नदी तट पर मौजूद कचरे और प्लास्टिक को एकत्र किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता कार्य में सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में नागरिकों के एक साथ सफाई अभियान में शामिल होने से पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिखाई दिया।

स्वच्छता में हर नागरिक दे अपना योगदान

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि 17 सितंबर से पूरे प्रदेश और देश में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में राजिम के त्रिवेणी संगम में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें जिला अधिकारी-कर्मचारी, जल संसाधन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी -कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां और विभिन्न वर्गों के नागरिक सहभागी बने।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपने वार्ड, नगर, क्षेत्र, प्रदेश और देश को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से सेवा, समर्पण और सद्भाव की भावना के साथ स्वच्छता अभियान में निरंतर सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सभी की भागीदारी जरूरी है और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में भी नागरिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। इसी तारतम्य में धर्म नगरी राजिम में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें सैकड़ों की तादात में लोगों की भागीदारी रही।

स्वच्छ एवं सुरक्षित घाट बनाने की दिशा में पहल

अभियान का उद्देश्य राजिम महानदी घाट एवं नदी तट क्षेत्र को प्लास्टिक और कचरा मुक्त बनाना तथा श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण तैयार करना रहा। सफाई के दौरान घाट के विभिन्न हिस्सों से कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस पहल के माध्यम से नागरिकों को धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महानदी एवं उसके आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

‘स्वच्छ राजिम-सुंदर राजिम’ का संकल्प

राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। महानदी घाट पर वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में घाट एवं नदी तट की स्वच्छता बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से ‘स्वच्छ राजिम, सुंदर राजिम’ की भावना के साथ आयोजित स्वच्छता अभियान में विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता निभाई।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। इस दौरान हमारा हस्ताक्षर – स्वच्छ महानदी, सुंदर घाट, सेल्फी जोन बनाया गया था।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर राजिम में सेवा संकल्प का उजियारा : त्रिवेणी संगम तट में 21 हजार दीपों ने रचा अद्भुत नजारा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button