गरियाबंद में गर्मी के बीच ओलावृष्टि: NH-130c पर बिछी बर्फ की चादर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। हालात ऐसे बने कि नेशनल हाईवे-130सी पर इंदागांव से जुगाड़ तक सड़कें बड़े-बड़े ओलों से पट गईं और आसपास के खेतों में मानो बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।
भीषण गर्मी से मिली राहत
गुरुवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। बारिश और ओलों के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इसी तरह जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में भी आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश और ओले गिरे, जिससे पूरे इलाके में ठंडक का अहसास हुआ।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न जाने की अपील की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास बने साइक्लोन सर्कुलेशन और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन, जो नागालैंड तक फैली हुई है, के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। इसके अलावा पूर्वाेत्तर मध्य प्रदेश से बांग्लादेश की ओर सक्रिय एक अन्य सिस्टम का भी प्रभाव देखने को मिल रहा है। इन सिस्टम्स के चलते ही प्रदेश में अचानक बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी है।
मौसमी बीमारियों की आशंका बढ़ी
बारिश के बाद जहां लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं बदलते मौसम के कारण मौसमी बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा इलाके में तेज ओलावृष्टि से तबाही, सब्जी फसल चौपट, महुआ संग्रहण पर भी संकट











