महानदी उफान पर: निसदा में एक ही परिवार के 6 लोग घर में फंसे, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, सुरक्षित निकाले गए सभी लोग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– लगातार हो रही बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण महानदी उफान पर है। अचानक बढ़े जलस्तर से रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के निसदा गांव में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे गांव के कई हिस्से जलमग्न हो गए। इसी दौरान एक ही परिवार के 6 सदस्य अपने मकान में चारों ओर से पानी से घिरकर फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
12 मकानों से 42 लोगों को कराया गया सुरक्षित
महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए गांव के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने सुबह ही सतर्कता बरतते हुए बाढ़ प्रभावित होने वाले 12 मकानों से 42 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था।
हालांकि सियाराम साहू और उनके परिवार को भी घर खाली करने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिवार ने स्थिति को सामान्य समझते हुए घर छोड़ने से इनकार कर दिया। कुछ ही घंटों बाद जलस्तर तेजी से बढ़ा और उनका मकान पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिर गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि परिवार के सदस्य घर से बाहर नहीं निकल सके।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF की विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम ने तेज बहाव के बीच बोर्ट की मदद से साहसिक अभियान चलाया और भारी मशक्कत के बाद सियाराम साहू के परिवार के सभी 6 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम की सराहना की।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सभी सुरक्षित
बचाव अभियान पूरा होने के बाद सभी छह लोगों को एहतियातन एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरंग भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों के अनुसार सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी प्रशासन और SDRF की टीमें नाव के जरिए निसदा सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रशासन ने महानदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें, प्रशासन की चेतावनी का पालन करें और समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











