बिजली उपभोक्ताओं को अधिकारों की जानकारी देने नवापारा में जागरूकता शिविर, सेवा में देरी पर मिलेगा मुआवजा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (CSERC) के निर्देशों के तहत नवापारा-राजिम विद्युत संभाग में बिजली उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी सेवाओं की समय-सीमा, शिकायत निवारण प्रक्रिया और सेवा में देरी होने पर मिलने वाले मुआवजे की जानकारी दी गई।
इस दौरान कई उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम रायपुर के अध्यक्ष ए.के. खंडेलवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सेवा में देरी पर मिलेगा मुआवजा
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (CSERC) के ‘निष्पादन मानक विनियम-2020’ के तहत बिजली कंपनियों के लिए विभिन्न सेवाओं की समय-सीमा निर्धारित की गई है। यदि निर्धारित समय के भीतर सेवा उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो संबंधित बिजली कंपनी को उपभोक्ताओं को आर्थिक मुआवजा देना होगा।
शिविर में बताया गया कि फ्यूज उड़ने या बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में शहरी क्षेत्र में 4 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर बिजली बहाल करना अनिवार्य है। इसी तरह सामान्य घरेलू बिजली कनेक्शन शहरी क्षेत्र में 7 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्र में 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होने पर उपभोक्ता मुआवजे के पात्र होंगे।
समायोजन बिजली बिल में

इसके अलावा जले हुए मीटर को तय समय में बदलने, वोल्टेज की समस्या, मीटर खराबी और बिजली बिल संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की गई है। यदि इन मामलों में अनावश्यक देरी होती है, तो उपभोक्ताओं को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा, जिसका समायोजन उनके बिजली बिल में किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ता अपनी शिकायत ऑनलाइन, टेलीफोन या डाक के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज होने पर उन्हें यूनिक शिकायत नंबर दिया जाएगा। यदि निर्धारित समय में समाधान या मुआवजा नहीं मिलता है, तो उपभोक्ता विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम तथा उसके बाद विद्युत लोकपाल के समक्ष अपील कर सकते हैं।
शिविर के दौरान मौजूद उपभोक्ताओं की समस्याएं भी सुनी गईं और कई शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम रायपुर के अध्यक्ष ए.के. खंडेलवाल, कार्यपालन अभियंता एच.एस. प्रसाद, सहायक अभियंता शिवेंद्र साहू, विमल साहू, धर्मेंद्र साहू, देवकुमार, कनिष्ठ यंत्री उमेश चंद्राकर, ढालेंद्र ठाकुर, आदित्य वर्मा, जॉन्सन बंजारे, गोकुल देवांगन, योगेश साहू, नारायण कौशिक सहित बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र साहू ने किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
बरसात में बिजली का करंट बन सकता है जानलेवा: इन सावधानियों से बचाएं अपनी और परिवार की जान











