दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 की मौत, 2 गंभीर; फायर ब्रिगेड वाहन क्रूजर पर चढ़ा, अज्ञात वाहन की टक्कर से तार में फंसी बाइक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं दूसरी घटना में फायर ब्रिगेड अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रूजर गाड़ी के ऊपर चढ़ गई। घटना धमतरी जिले के नगरी और केरेगांव थाना क्षेत्र का है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
पहली घटना नगरी थाना क्षेत्र के डोंगाडुला के पास की है। जानकारी के मुताबिक छिपली गांव निवासी 16 वर्षीय वीरेश पटेल और दीपक विश्वकर्मा बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डोंगाडुला से आगे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे फेंसिंग तार में जा फंस गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को नगरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही वीरेश पटेल ने दम तोड़ दिया। वहीं दीपक विश्वकर्मा का इलाज जारी है।
क्रूजर पर चढ़ी फायर ब्रिगेड
दूसरी बड़ी घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के केरेगांव-गट्टासिली मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड वाहन धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और फायर ब्रिगेड सड़क किनारे खड़ी क्रूजर गाड़ी से जा टकराई।
हादसा इतना भयावह था कि फायर ब्रिगेड वाहन सीधे क्रूजर के ऊपर चढ़ गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में चालक मनोज उर्फ राजू साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: राजिम में भीषण सड़क हादसा! बेकाबू ट्रक ने कार को मारी टक्कर, फिर दुकान में जा घुसा











