डायल 112 की तत्परता से बची अचेत व्यक्ति की जान, बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर पहुंचाया अस्पताल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद में पुलिस की तत्परता और सूझबूझ ने एक व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। कमरे में व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर व्यक्ति को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि डाक बंगला स्थित शनिदेव मंदिर के पीछे स्थित एक कमरे में एक व्यक्ति काफी देर से अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर डायल 112 की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया। कमरा अंदर से बंद था और व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए समय गंवाना उचित नहीं था। पुलिस टीम ने स्थानीय मोहल्लेवासियों को विश्वास में लेकर उनके सहयोग से कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। कमरे में व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। पुलिस टीम ने तत्काल उसे बाहर निकाला और आपातकालीन वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय पर उपचार मिलने के कारण व्यक्ति की जान बचाने में मदद मिली। गरियाबंद पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से हुआ घायल, डायल-112 की तत्परता से युवक की बची जान











