शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा भाव जरूरी-विधायक रोहित साहू; सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सेजेस फिंगेश्वर में सेवा संकल्प अभियान ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर जोड़ा। चित्रकला में पर्यावरण और सामाजिक संदेशों की झलक दिखी, तो भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण और सेवा भावना पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान शिक्षा के साथ संस्कारों को जोड़ने और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
विधायक ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में विकसित भारत और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सेवा भाव जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने सामाजिक सरोकार, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सेवा के महत्व जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार रखे।
पौधारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और पौधे की सुरक्षा का संकल्प लिया। अतिथियों ने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सदस्य नंदनी ओंकार साहू, जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनीष हरित, मंडल अध्यक्ष मंजू हरित, मंडल महामंत्री भुवन साहू, प्रेम टोडर, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कोमल ढीढ़ी, मिंजून साहू, दशरथ सिन्हा, फणीकेश्वर नाथ महाविद्यालय अध्यक्ष राजू साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष उत्तम राजवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











