अंधे कत्ल की सुलझी गुत्थी : सगा बड़ा भाई निकला हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में सामने आए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस जघन्य हत्या को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतक का सगा बड़ा भाई ही निकला। पारिवारिक तनाव और आपसी विवाद के चलते आरोपी ने बेरहमी से मारपीट कर अपने ही भाई की हत्या कर दी। मामला गौरेला थाना का है।

जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर और 1 जनवरी की मध्य रात्रि को चंद्रभान सिंह उरेती, पिता जयपाल सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10, लमराटोला बरवासन, थाना गौरेला, जिला जीपीएम का शव उसके घर के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के चेहरे, सिर, गले और कान में गंभीर चोटों के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि उसकी निर्ममता से मारपीट कर हत्या की गई है।

सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल से भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य एकत्र किए गए। आरोपी की तत्काल पहचान न होने के कारण मामला अंधे कत्ल के रूप में दर्ज किया गया।

भाई से विवाद की बात आई सामने 

मामले की गंभीरता को देखते हुए गौरेला पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, मृतक के पारिवारिक व सामाजिक संबंधों की गहन जांच की गई। इस दौरान यह बात सामने आई कि मृतक और उसके बड़े भाई के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और तनाव चला आ रहा था।

साक्ष्यों के आधार पर मृतक के सगे बड़े भाई चेतन सिंह उरेती, पिता जयपाल सिंह, उम्र 42 वर्ष को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

तेज रफ्तार कार ने बस का इंतजार कर रहे तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत, मां-बेटी गंभीर, गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की कर दी पिटाई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button