नाबालिग से दुष्कर्म, धमकी देकर वसूले रुपए, आरोपी युवक गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नाबालिग से दुष्कर्म और धमकी देकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के महिला थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को 17 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंचकर आरोपी उद्धव दास महंत (21) निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से अपने मामा के गांव में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई।
घुमाने के बहाने ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार 26 जनवरी को आरोपी उसे स्कूल के पास से मोटरसाइकिल में बैठाकर घुमाने के बहाने बाजीपाली स्थित अपने किराए के मकान में ले गया, जहां बहला-फुसलाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और घटना की जानकारी किसी को देने पर धमकी दी। इसके बाद 11 मार्च को आरोपी पीड़िता के घर के पास पहुंचा और डराकर 10,000 की मांग की। भयवश पीड़िता ने उसे रकम दे दी। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
आरोपी गिरफ्तार
शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध धारा 64, 351(3) बीएनएस एवं पोक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











