जेसीबी से उजाड़ा हरा-भरा इलाका : 50 से अधिक पेड़ ढेर, प्रशासन पर उठे सवाल, पद का प्रभाव या नियमों का अभाव?

औषधीय, फलदार और इमारती वृक्षों का बड़े पैमाने पर नुकसान, जिम्मेदारों की चुप्पी चर्चा में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम नयापारा स्थित राजस्व क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। यहां कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर दो जेसीबी मशीनों की मदद से 50 से अधिक पेड़ों को गिरा दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की हरियाली उजड़कर वीरान मैदान में तब्दील हो गई।

जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि गरियाबंद जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर तुलसीराम मरकाम की धर्मपत्नी प्रभातबेला मरकाम के नाम दर्ज बताई जा रही है, जिसका रकबा लगभग 7.26 एकड़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ माह पहले तक इस क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधे मौजूद थे, जिससे यह इलाका घने जंगल जैसा प्रतीत होता था।

कटाई के दौरान पीपल जैसे औषधीय वृक्ष, महुआ जैसे फलदार पेड़ तथा साजा जैसे इमारती लकड़ी देने वाले वृक्षों सहित कई वन औषधीय पौधों को बिना समुचित प्रक्रिया के जमींदोज कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार जहां पहले प्राकृतिक छाया और हरियाली का वातावरण था, वहां अब मशीनों से समतलीकरण कर सूना मैदान बना दिया गया है। इस घटना ने न केवल पर्यावरणीय नुकसान को उजागर किया है, बल्कि नियमों के पालन पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

प्रशासनिक पर उठे सवाल

मामले की सूचना मिलने पर छुरा एसडीएम एवं तहसीलदार को अवगत कराया गया। तहसीलदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दर्जनों पेड़ काटे जा चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई और जेसीबी मशीनों को भी बिना रोक-टोक कार्य करते रहने दिया गया।

सूचना दिए जाने के बावजूद दो दिन बीत जाने पर भी किसी स्पष्ट कार्रवाई का सामने नहीं आना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि क्या प्रभावशाली पदों से जुड़े मामलों में विभागीय स्तर पर ढिलाई बरती जा रही है।

 लीज पर दिया गया है जमीन – डिप्टी कलेक्टर

इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर तुलसीराम मरकाम ने बताया कि संबंधित जमीन को लीज पर दिया गया है, जहां सोलर प्लांट स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। उनके अनुसार पेड़ों की कटाई एसडीएम कार्यालय के निर्देशानुसार की जा रही है।

केवल 10 पेड़ों की कटाई की अनुमति – SDM

वहीं, एसडीएम छुरा अंजलि खालखो का कहना है कि केवल 10 पेड़ों की कटाई की अनुमति दी गई थी। यदि निर्धारित सीमा से अधिक पेड़ काटे गए हैं, तो यह जांच का विषय है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

छुरा इलाके के गांव में बीच पेड़ पर बैठा तेंदुआ, ग्रामीणों की थमी सांसे, घंटों दहशत में रहे लोग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button